स्वारघाट में मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर चक्का जाम करने पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं श्रीनयना देवी जी विधायक रणधीर शर्मा सहित कई लोगों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
बीते वीरवार को स्वारघाट में अंजन की मौत से गुस्साए चार पंचायतों के ग्रामीणों ने स्वारघाट में नेशनल हाइवे चंडीगढ़-मनाली 205 पर चक्का जाम कर दिया था। इससे डेढ़ घंटे तक एनएच पर वाहनों की रफ्तार थमी रही थी।
चक्का जाम करने के आरोप में पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों पर मुकद्दमा दर्ज किया है। गौरतलब है कि बीते वीरवार को चार पंचायतों टाली जकातखाना, कुटैहला, री तथा स्वाहण के सैकड़ों लोगों ने स्वारघाट कस्बे में नेशनल हाइवे को करीब डेढ़ घंटे तक सड़क मार्ग बाधित किया था। गुस्साए ग्रामीण अंजन की रहस्यमयी मौत को हत्या का मामला बता रहे हैं तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने व मामले की उच्च स्तरीय व सीबीआई से जांच की मांग कर रहे हैं।
चार पंचायतों के ग्रामीणों ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व श्रीनयना देवी विधानसभा के विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में स्वारघाट कस्बे में मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर सुबह 10 बजे से लेकर साढ़े 11 बजे तक करीब डेढ़ घंटे तक चक्का जाम किया था।
गोबिंदसागर झील में मिला था युवक का शव
विदित रहे कि स्वारघाट क्षेत्र के लापता युवक अंजन कुमार का शव संदिग्धावस्था में कुछ दिन पहले गोबिंदसागर झील में मिला था। जिस पर गुस्साए लोगों ने जिला अस्पताल में भी जमकर नारेबाजी करके मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की थी।
उधर, एसपी राहुल नाथ ने बताया कि पुलिस थाना स्वारघाट में भाजपा नेता व स्थानीय विधायक सहित कई लोगों पर रास्ता रोकने के आरोप में मुकद्दमा दर्ज किया है।