अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। शहर के चंपा पार्क के पास ट्रक और कार के बीच टक्कर हो जाने से बिलासपुर शहर जाम हो गया। जाम इस कदर हो गया कि पुलिस को वाया कोर्ट रोड होते हुए वाहन चंडीगढ़-मनाली हाईवे की ओर भेजने पड़ें, लेकिन कोर्ट रोड पर भी बड़े-बड़े वाहन फंस गए। इससे यहां पर भी जाम लग गया लेकिन पुलिस वालों ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहनों की रफ्तार को थमने नहीं दिया। शाम करीब पांच बजे के आसपास पूर्णम मॉल व चंपा पार्क के सामने एक ट्रक व कार के बीच टक्कर हो गई। टक्कर हो जाने से एकाएक ही वाहनों की लंबी-लंबी कतारें चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर लग गई। टक्कर के बाद चंडीगढ़ से मनाली जाने वाले वाहन पूरे के पूरे फंस गए। जबकि चंडीगढ़ की ओर जा रहे वाहनों को पुलिस ने कोर्ट रोड मार्ग से आगे भेज दिया, जो आगे जाकर सीधे धौलरा मंदिर को जाने वाले रास्ते के पास चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर जाकर मिल गए। बाद में पुलिस ने जवान मौके पर पहुंचे जिन्होंने आगामी कार्रवाई करते हुए बीच हाईवे में खड़े ट्रक को हटाया। उसके बाद हाईवे में फंसे वाहन यहां से निकाले गए। हाईवे पर जाम दो से तीन किलोमीटर लंबा हो गया था। जो बसें बिलासपुर बस अड्डा की ओर जा रही थी, उन्हें भी कोर्ट रोड होकर यहां से भेजा गया। इसके अलावा अन्य छोटे वाहनों को भी इसी मार्ग से होकर भेजा गया। एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि चंपा पार्क के पास ट्रक व कार के बीच टक्कर हुई है जिसके बाद ट्रैफिक को डाइवर्ट कर कोर्ट रोड होकर आगे भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।