सड़क हादसे में पांच लोग घायल
बसाल में सड़क हादसा, घायलों को पहुंचाया ऊना अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
पुलिस थाना ऊना के तहत बसाल में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी जिससे कार सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रायपुर मैदान निवासी दिनेश कुमार, उमेश कुमारी, प्रभा, तरसेम और दो वर्षीय रुद्रांश कार में सवार होकर पठानकोट की तरफ जा रहे थे कि बसाल में अचानक ही कार अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार परिवार के पांचों सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उनको कार से बाहर निकाला और 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।