अमर उजाला ब्यूरो
बरठीं (बिलासपुर)। सियाचिन में 9 पंजाब में नौकरी कर रहे संगासवीं निवासी सुनील कुमार (36) की ह्दय गति रुकने के कारण मौत हो गई है जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सुनील कुमार लगभग 15 वर्ष पूर्व पंजाब रेजिमेंट में भर्ती हुआ था। उसका दूसरा भाई पवन कुमार भी आर्मी में कार्यरत है जिसने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। सुनील कुमार की दो छोटी बेटियां हैं।
36 वर्षीय सुनील कुमार को गत दिवस सीने में दर्द होने के बाद कमांड अस्पताल चंडीगढ़ में दाखिल करवाया था, जहां पर सुनील कुमार की मौत हो गई। खबर सुनने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सुनील कुमार को पंजाब रेजिमेंट के सीओ कर्नल केसी जिन्न के नेतृत्व में ईएमई के जवानों ने सलामी दी। इससे पहले क्षेत्र के विधायक जीतराम कटवाल, उपमंडलाधिकारी झंडूता नवीन शर्मा, डीएसपी राजेंद्र जसवाल सहित पूर्व सैनिकों ने पार्थिव शरीर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुनील कुमार ग्लेशियर सियाचिन में तैनात था। कर्नल जिन्न ने तिरंगा झंडा सुनील के पिता अमीचंद को सौंप कर अपनी संवेदनाएं दीं। सुनील कुमार की अगले वर्ष सेवानिवृत्ति थी। इस मौके पर भारी संख्या में लोगों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
----------------