बिलासपुर। ग्राम पंचायत धार-टटोह के तहत नली-चंगर गांव में हो रहे अवैध खनन को लेकर सोमवार को महिलाओं ने अधीक्षण ग्रेड वन के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने मांग की कि गांव में हो रहे अवैध खनन पर तुरंत रोक लगाई जाए। महिलाओं का कहना है कि अवैध खनन के कारण सायर-बस्सी पेयजल योजना के भंडारण टैंक पर भी खतरा मंडरा रहा है। हालांकि इस बारे में पहले भी जिला प्रशासन को अवगत करवाया गया था। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
सोमवार को उपायुक्त के कार्यालय में न होने के कारण अधीक्षक ग्रेड एक के माध्यम से ज्ञापन दिया गया। महिलाओं मंती देवी, नर्वदा देवी, नीना देवी, रमा देवी, सरोज देवी, सुखदेई, दशोधा देवी, सीता देवी, रेखा देवी, मीना देवी, चंपा आदि ने कहा कि गांव का एक प्रभावशाली व्यक्ति व उनका परिवार सरकारी भूमि पर अवैध खनन कर रहा है। गत दिनों भी अवैध खनन करने की सूचना थाना बरमाणा पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मौके पर आकर संबधित व्यक्ति का चालान भी किया था। इसके बावजूद भी दिन-रात अवैध खनन किया जा रहा है। खनन करने से रोकने पर ग्रामीणों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं। महिलाओं ने जिला प्रशासन से सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध खनन को रोकने की गुहार लगाई है।
वहीं, डीसी कार्यालय के अधीक्षक ग्रेड एक बीरबल चौहान ने बताया कि डीसी बिलासपुर नयनादेवी गए हैं। जबकि एडीएम भी नयनादेवी मंदिर में ड्यूटी पर हैं। उन्होंने बताया कि संबधित ज्ञापन को डीसी बिलासपुर को प्रेषित कर दिया जाएगा।