अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत ग्राम पंचायत टाली-जकातखाना के गांव दगड़ाहन में अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये केे सोने व चांदी के गहने चुरा लिए हैं। इसके अलावा चोरों ने गांव में अन्य पांच घरों के ताले भी तोड़े हैं। एक साथ पांच से ज्यादा घरों के ताले तोड़ना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान पैदा करता है। स्वारघाट क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर यह चोरी की तीसरी सबसे बड़ी वारदात है।
जानकारी के अनुसार शुंकाराम पुत्र रामदास गांव दगड़ाहन डाकखाना जकातखाना के घर में घुसकर चोरों ने लाखों के सोने व चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, दगड़ाहन गांव के साथ लगते 4 से 5 घरों में भी ताले भी टूटे हुए पाए गए हैं लेकिन उन घरों में चोर उक्त चोरी की घटना को अंजाम देने में नाकामयाब साबित हुए हैं। स्वारघाट थाना में शिकायत मिलने के बाद कार्यवाहक थाना प्रभारी सहदेव दत्त ने घटनास्थल पर जाकर चोरी की वारदात की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उक्त घटना शनिवार आधी रात की बताई जा रही है। जब सुंकाराम का परिवार सो रहा था। बताया जा रहा है कि परिजनों ने साथ लगते कमरे से आवाजें जरूर सुनी हैं लेकिन इस क्षेत्र में तेंदुए के भय के कारण उन्होंने जागना मुनासिब नहीं समझा। इस कारण अज्ञात चोर बड़े आराम से साथ लगते कमरे से लाखों रुपये के सोने व चांदी के गहनों पर हाथ साफ करके रफू चक्कर हो गए हैं। जिस कमरे में चोरी हुई है उस कमरे में कोई भी परिजन नहीं सो रहा था, वरना अज्ञात चोर पकड़े जाते।
बताया जा रहा है कि जिस कमरे में गहने रखे हुए थे परिजन उसके साथ वाले कमरे में सोये हुए थे जिस कारण चोर अलमारी को खोलकर आराम से लाखों के गहने लेकर फरार हो गए हैं। परिजनों ने गोदरेज की अलमारी की चाबी भी उसी अलमारी में रखी हुई थी जिस कारण अज्ञात चोर बड़े आराम से चोरी करके भाग गए।
उपमंडल पुलिस अधिकारी श्रीनयना देवी संजय कुमार शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि स्वारघाट पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर परिजनों के बयान कमलबद्ध किए हैं। चोरी के संबंध में स्वारघाट थाना में मुकद्दमा दर्ज करके गहनता से छानबीन की जा रही है।
------------------
.