कोयले की जगह केरी लेकर पहुंच गया ट्रक चालक
12 में से 10 टन कोयला बेचकर ट्रक में डाल दी केरी
बरमाणा पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा स्थित एसीसी कारखाना में एक विचित्र मामला सामने आया है। यहां पर ट्रक चालक कीरतपुर से कोयले की जगह केरी लेकर ही कारखाना पहुंच गया। जब एसीसी फैक्टरी कर्मचारियों ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें कोयला नहीं पाया गया जिस पर ट्रक मालिक ने बरमाणा थाना में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है, वहीं ट्रक चालक मामले के बाद से फरार है।
जानकारी के अनुसार पुलिस के पास दी हुई शिकायत में नारायण दास (46) गांव तनबौल ने बताया कि उनका ट्रक (एचपी24सी-1639) एसीसी कारखाना में पंजीकृत है। पिछले पांच माह से उन्होंने एक व्यक्ति को बतौर ट्रक चालक रखा हुआ है जोकि पंजाब का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि नौ मार्च को चालक ट्रक में सीमेंट लोड करके बरमाणा से कीरतपुर साहिब के लिए गया था, सीमेंट उतारने के बाद उन्होंने चालक को कीरतपुर से एसीसी का कोयला लाने के लिए कहा था, जिस पर गाड़ी के चालक ने दस मार्च को कीरतपुर से करीब 12 टन कोयला गाड़ी में बरमाणा के लिए लोड किया था। जब वह 11 मार्च को कोयला लेकर एसीसी फैक्टरी पहुंचा तो कंपनी वालों ने कोयले को चेक किया तो गाड़ी में कोयला नहीं पाया गया। कोयले में 80 प्रतिशत केरी पाई गई। जब कंपनी वाले चालक से पूछताछ करने लगे तो वह ट्रक को कंपनी में छोड़कर भाग गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि ट्रक चालक को उन्होंने हर जगह तलाश किया लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने बरमाणा थाना में शिकायत दर्ज करवा दी।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------------
....सरोज पाठक।