अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर के अंतर्गत एनएच-103 सीर खड्ड पुल के कुछ दूरी पर शर्मा कार एक्सेसरी की दुकान मे शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई। इस आग में करीब 15 लाख रुपये का सामान जल कर राख हो गया। आग शुक्रवार सुबह लगी। हालांकि मौके पर फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया था लेकिन इसके बाद भी सामान को बचाया नहीं जा सका।
आग की घटना का पता तब चला जब घुमारवीं बस अड्डे के पास होटल करने वाला होटल मालिक सुबह अपने घर से घुमारवीं आ रहा था, तो उसे दुकान के पास से जलने की दुर्गंध आई। इसके बाद होटल मालिक ने अपनी गाड़ी को पीछे करके फिर से देखा तो दुकान के अंदर से धुआं आ रहा था।
होटल मालिक ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड वालों को दी और उन्हें अपने साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंचा। वहीं इस संबंध में पुलिस को भी सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड व पुलिस कर्मचारियों के द्वारा आग पर काबू पाया गया। पर जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक सब कुछ राख के ढेर में बदल चुका था।
दुकान चंद्रकांत पुत्र राजेंद्र प्रसाद गांव व डाकघर घुमारवीं तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर की थी। शर्मा ऑटो कार एक्सेसरी में करीब 10 से 15 लाख के सामान के जलने का आंकलन किया गया है। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जान माल का नुकसान नहीं हुआ है।
वहीं घटना स्थल का दौरा एसडीएम शशीपाल शर्मा व नगर परिषद की अध्यक्ष ने भी किया तथा पीड़ित को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रशासन की तरफ से फौरी राहत के तौर पर दस हजार की राशि दी गई। डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही हैं।
------------------------