अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा(बिलासपुर)। ब्रह्मपुखर के पास लगते घ्याणा पुल के समीप शुक्रवार शाम पांच बजे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। ट्रक ने ओवरटेक करते हुए चार गाड़ियों को एक साथ टक्कर मार दी। टक्कर इस कदर हुई कि आसपास के ग्रामीण सड़कों पर आ गए। वहीं, हादसे की शिकार हुई गाड़ियों में एक गाड़ी में राज्य हथकरघा व हस्तशिल्प विकास निगम के वाइस चेयरमैन संजीव कटवाल भी बैठे हुए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पांच बजे घ्याणा पुल के पास ट्रक नंबर एचपी 66 ए 1309 ओवरटेक कर रहा था। इस दौरान ओवरटेक के चक्कर मेें ट्रक ड्राइवर ने साथ चलती चार गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को चोटें नहीं आई हैं लेकिन चारों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है।
बता दें कि यह ट्रक क्लींकर से भरा हुआ था। वहीं, यहां के ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर ट्रक फैक्टरियों से निकलकर इन सड़कों पर हमेशा तेज रफ्तार से दौड़ते हुए नजर आते हैं। कई बार यहां पर बड़े-बड़े हादसे होते टले हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग से स्कूली बच्चे भी प्रतिदिन स्कूल के लिए जाते हैं। इस तरह ट्रक ड्राइवरों की ओर से ओवर स्पीड से ट्रक चलाने से प्रतिदिन किसी बड़े हादसे का भय बना होता है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन ट्रक ड्राइवरों को कड़े आदेश जारी करें कि इस सड़क पर धीमी गति से चलें क्योंकि यहां पर प्रतिदिन स्कूली बच्चे और ग्रामीण भी चले हुए होते हैं।
उधर, एएसपी भागमल ठाकुर ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सूचना मिली है कि इस हादसे में राज्य हथकरघा व हस्तशिल्प विकास निगम के वाइस चेयरमैन भी थे। किसी भी व्यक्ति को चोटें नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
...............................................................................................................