बिलासपुर।
निहाल सेक्टर के सरकारी आवासों में प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम को यहां पर कुछ भी नहीं मिला। जबकि सूत्र बताते हैं कि जिन कर्मचारियों ने यहां पर सब्लेटिंग पर कमरे दिए थे, उन्हें टीम के आने की सूचना मिल गई थी। इसके चलते उन्होंने कमरों में ताला लगाकर गायब हो गए।
टीम ने सुबह-सवेरे ही निहाल के सरकारी आवासों में दबीश दी। सुबह सात बजे ही टीम के अधिकारी सरकारी क्वार्टरों के बाहर खड़े होकर जांच करने लग गए कि यहां पर कौन रह रहा है, और कौन नहीं। जो सरकारी क्वार्टरों के अंदर थे उन्होंने तो क्वार्टरों के मिलने के दस्तावेज दिखा दिए। लेकिन जिन क्वार्टरों में अन्य लोग रह रहे थे, वह पहले ही ताला लगा यहां से निकल गए थे। बताया जा रहा है कि इनमें कई पुलिस कर्मचारी भी हैं। उन्होंने सब्लेटिंग पर मकान ले रखे हैं। जबकि पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन में क्वार्टर बने हैं।
गौरतलब है कि निहाल सेक्टर में सरकारी कर्मचारियों के लिए आवास हैं। लेकिन यहां पर 70 प्रतिशत से ज्यादा सब्लेटिंग है। सूत्र बताते हैं कि जिन सरकारी कर्मचारियों को यहां पर क्वार्टर अलॉट हैं, वह अपने मकानों में रहते हैैं। उन्होंने सरकारी आवास किराये पर दिए हैं। समय-समय पर इनकी शिकायतें प्रशासन के पास जाती रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन की टीम ने निहाल सेक्टर स्थित सरकारी आवासों में छापेमारी की। हैरानी का विषय है कि यहां पर कोई नहीं मिला। इससे साफ है कि किसी ने पहले भी सूचना दे दी थी यहां पर छापेमारी होने वाली है।
उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया का कहना है कि सब्लेटिंग करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। सरकारी क्वार्टर सरकारी कर्मचारियों के लिए हैं, न किसी अन्यों के लिए।