अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी (बिलासपुर)।
भराड़ी थाना के तहत क्षेत्र की बुजुर्ग महिला के दोहते ने उसके अंगूठे के निशान लगवाकर करीब पांच लाख का लोन ले लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हंबोट क्षेत्र की बुजुर्ग द्रोपदी देवी ने भराड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि उसके दोहते ने क्षेत्र की एक सहकारी सभा से उसके नाम पर करीब 5 लाख रुपये का लोन ले लिया है। बुजुर्ग महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि धोखे से उसके अंगूठे के निशान दस्तावेजों पर लगवाए हैं। उसने कभी लोन नहीं लिया है लेकिन न जाने कैसे उसके दोहते ने अंगूठे के निशान लगवाकर कर उसके नाम लोन ले लिया। वृद्ध महिला ने बताया कि जब उसे इस बात का पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पांच लाख रुपये के लोन के बदले उसकी जमीन गिरवी रख दी गई है। बुजुर्ग महिला के अनुसार उसने न तो लोन का पैसा लिया है और न ही उसे इसका कोई पता है। एसपी राहुल नाथ ने बताया कि वृद्ध महिला की शिकायत के आधार पर 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वृद्ध महिला के अनुसार करीब 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।