अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं के बड्डू में प्रवासी स्थानीय चाय वाले को घसीटते हुए अपने कमरे में ले गए और वहां उसकी जम कर धुनाई कर डाली। वहीं बीच बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी इन लोगों ने जम कर पीटा। पिटाई इतनी बेरहमी से की गई की एक के सिर पर 45 और दूसरे के सिर पर 15 टांके लगे लेकिन मजे की बात यह है कि इसके बाद भी पीड़ित लोगों के परिवार पर थाना प्रभारी समझौता करवाने का दबाव डालते रहे क्योंकि जिसके यहां प्रवासी काम करते हैं वह एक रसूखदार है।
यह घटना होली वाले दिन करीब चार बजे के करीब की है। जब बड्डू में चाय की दुकान करने वाले व्यक्ति की दुकान के पास यह 20-25 प्रवासी लोग गालीगलौज कर रहे थे तो चाय वाले ने गाली गलौज करने से मना किया और अपने कमरे में जाने को कहा। तभी प्रवासी और उग्र हो गए और चाय वाले को घसीट कर अपने कमरे में ले जाकर पीटते रहे।
इसी दौरान बीचबचाव में आए अन्य व्यक्ति को भी पीट डाला है जिससे यह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की सहायता से इन दोनों को घुमारवीं अस्पताल लाया गया।
घायल व्यक्तियों की पहचान कुलदीप सिंह पटियाल पुत्र जगत सिंह पटियाल गांव सनौर डाकघर बाडी मझेडड़वा तथा प्रकाश चंद जो चाय की दुकान बड्डू में करता है के रूप में हुई है। प्रकाश चंद के सिर में करीब 45 टांके लगे हैं। वहीं कुलदीप सिंह पटियाल के सिर पर 15 टांके लगे हैं उसे शिमला रेफर दिया गया है।
घायल कुलदीप सिंह पटियाल के पिता जगत सिंह पटियाल ने जब अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को फोन किया तो पुलिस मामले को थाना से ही रफादफा करने की बात करती रही क्योंकि जिस कबाड़ी के पास यह प्रवासी काम करते थे वह भी शहर के रसूखदारों में से एक हैं। पुलिस घुमारवीं अस्पताल करीब 2 घंटे देरी से पहुंची। इस दौरान परिजनों पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। जब अस्पताल परिसर में लोग उग्र हो गए तब उस कबाड़ी ने वहां से भागना ही उचित समझा है।
इनसेट...
प्रवासी कहीं पर भी पंजीकृत नहीं
जितने भी यह प्रवासी कबाड़ी के पास रह रहे हैं उनका कहीं भी नाम पंजीकृत नहीं है। पहले भी घुमारवीं क्षेत्र के साथ भगेड़ के पास एक कश्मीर के युवक ने एक वृद्धा महिला के साथ दुराचार किया था और बाद में मौत के घाट उतार दिया था।
इनसेट....
क्रास केस किया गया दर्ज : डीएसपी
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बड्डू क्षेत्र में जो लड़ाई झगड़ा हुआ है उसमें क्रास केस दर्ज किया गया है। इस मामले में हर पहलु को ध्यान में रख कर छानबीन की जा रही है।
-------------------