अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा(बिलासपुर)।
जिला के मलोखर के तहत आने वाले गांव मलोथी से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बताया जा रहा है युवक मानसिक रूप से बीमार है। परिजनों ने युवक को हर जगह तलाश किया। मगर उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गोदन गांव का निक्कू राम पुत्र बाबू राम कुछ दिन पूर्व अपने मामा के बेटे के साथ मामा के घर आया था। दो-तीन दिन वहां रहने के बाद 5 जून को निक्कू ने अपने मामा को यह बोला की वह घर जा रहा है। उसी रात निक्कू के भाई प्रेम ने मामा को फोन किया तो पता चला कि निक्कू सुबह ही घर के लिए निकल गया है, मगर वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद निक्कू के भाई प्रेम सिंह ने उसे हर जगह तलाश किया, मगर उसका कोई कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की। निक्कूराम के भाई ने बताया कि मेरा भाई मानसिक तौर पर बीमार है। पुलिस चौकी खारसी प्रभारी केवल सिंह ठाकुर ने बताया कि निक्कू राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखी गई है। इस बारे में सभी थाना और चौकियों को सूचित कर दिया है।