युवक का नग्न शव डैम में पड़ा मिला
बिलासपुर/केमरी (रामपुर)
पीलाखार डैम में रविवार को युवक का नग्न शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को डैम में फेंक दिया गया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस इसको आत्महत्या से जोड़कर देख रही है। शव को पोस्टमार्टम को भेजकर पुलिस जांच में जुट गई है।
रविवार सुबह केमरी की पीलाखार डैम के पास कुछ लोग पशु चरा रहे थे। उन्होंने डैैम के जलाशय में एक युवक का शव पानी पर तैरता हुआ देखा। कुछ ही देर में पानी में शव पड़े होने की खबर क्षेत्र में फैल गई। सूचना पर केमरी थाना प्रभारी विद्याराम दिवाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के मुताबिक, शव पूरी तरह से नग्न था। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष रही होगी। मृतक के शरीर पर कोई चोट का निशान भी नहीं था। पुलिस ने डैम के आसपास के क्षेत्र में मृतक के कपड़े आदि की खोज भी की। पुलिस को मृतक की शिनाख्त कराने में कामयाबी नहीं मिल सकी।
लोगों में चर्चा है कि कुछ युवक की हत्या करके पहचान मिटानें के लिए नग्न कर शव को पीलाखार डैम के जलाशय में फेंक गए होंगे। लोगों का कहना था कि अगर युवक केमरी व आसपास के क्षेत्र का होता तो उसकी शिनाख्त हो जाती। पुलिस का मानना है कि यह मामला आत्महत्या का है। शव दो दिन पुराना लगता है। लोगों का कहना है कि अगर, युवक ने आत्महत्या की है तो उसके कपड़े कहां गए? युवक डैम तक क्या निर्वस्त्र पहुंचा था? बाहर का युवक आत्महत्या करने केमरी की डैम पर क्यों पहुंचेगा? इन तमाम सवालों ने पुलिस के लिए हत्या का क्लू खोजने को मजबूर कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।