अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट(बिलासपुर)।
कोट थाना पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार करने वाले शराब माफिया पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान श्री नयना देवी के पास लगती पंचायत मजारी के साथ लगते जंगलों में 9 भट्ठियों को नष्ट किया है। इसके अलावा 9 ड्रमों को नष्ट करने के साथ 1800 लीटर अवैध शराब को नष्ट किया है। गौर रहे कि इससे पहले पुलिस ने इसी क्षेत्र में तीन भट्ठियों को नष्ट किया था। खबर की पुष्टि डीएसपी श्री नयना देवी अनिल शर्मा ने की है। उन्होंने साफ किया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मजारी के जंगलों में फिर से अवैध शराब के लिए भट्ठियां शुरू हो गई हैं। सूचना मिलते ही श्री नयना देवी के डीएसपी अनिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस दल ने मजारी गांव के साथ लगते जंगल में छापेमारी की। जहां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
इस दौरान पुलिस ने मौका पर शराब की नौ भट्ठियां मिली। पुलिस दल ने सभी भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस अलावा छापामारी और तलाशी अभियान में मौके पर ही कोट थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर त्रिलोचन ने शराब के 9 ड्रमों को तहस नहस करते हुए 1800 लीटर अवैध शराब को भी नष्ट किया है।
हालांकि इस संबंध में अभी कोई भी गिरफ्तारी नहीं हुई। डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया की सोमवार को तड़के मजारी के एक जंगल में छापेमारी की। पुलिस ने नौ भट्ठियां मौके पर नष्ट की।