अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)।
स्वारघाट बाजार में गत शनिवार को मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो युवक अभी फरार चल रहे हैं। आरोपी की पहचान परमजीत के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी से चोरी का एक मोबाइल भी बरामद कर लिया है जबकि अन्य मोबाइल आरोपियों ने कहां छुपाए हैं इसको लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो साथियों के साथ मिलकर मोबाइल की दुकान का शटर में लगा ताला उन्होंने लोहे के एंगल से तोड़ा था। यह एंगल उन्होंने लोहे की दुकान से उठाया था। इसके बाद उन्होंने दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर मिले सबूतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी पर इससे पहले भी कई संगीन आरोप लग चुके हैं, जिसमें वह सजा काट चुका है। स्वारघाट पुलिस थाना के एसएचओ राजेश पराशर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी के आरोप में युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।