बिलासपुर (रामपुर)। कुछ बदमाशों ने दो किसानों के घर में नकब लगाकर 14 हजार रुपये की नगदी समेत करीब 1.70 लाख रुपये का माल चुरा लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गंगापुर बहांपुर निवासी धर्मपाल सोमवार की रात अपने परिवार समेत घर के बरामदे में सो रहा था। रात में कुछ बदमाशों ने उसके कमरे में पीछे से नकब लगा दिया। इसके बाद बदमाश कमरे में रखे दस हजार रुपये नगद व सोने व चांदी के जेवर समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का माल चुरा कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने पड़ोसी अशेाक महान के घर में नकब लगाकर चार हजार रुपये नगद व लैपटाप चुरा लिया। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह दिन निकलने पर हुई। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। घटना की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान मुन्नी देवी व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरु कर दी है, मगर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।