शाहतलाई (बिलासपुर)। पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। तलाई पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को तलाई पुलिस थाना प्रभारी श्याम प्रसाद शर्मा अपनी टीम के साथ ग्राम पंचायत जेजवीं में गश्त पर थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली की जेजवीं पंचायत के गांव बैथरी में एक व्यक्ति ने अपने मवेशीखाने में अवैध रूप से शराब की खेप छिपाकर रखी है। पुलिस ने छापामारी कर मवेशीखाने में छिपाकर रखीं 9 बोतलें अंग्रेजी व 6 बोतलें देसी शराब की बरामद कीं। पुलिस ने आरोपी रोशन लाल पुत्र कांशी राम निवासी बैथरी ग्राम पंचायत जेजवीं के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उधर, घुमारवी के डीएसपी राजेश कुमार शर्मा ने पुष्टि करते बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।