बिलासपुर। पुलिस चौकी नम्होल ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कूटी सवार का डेढ़ लाख लाख रुपये और मोबाइल सीसीटीवी की मदद से ढूंढ निकाला।
दरअसल, कांगड़ा के घुरकड़ी से अपने रिश्तेदार से मिलने स्कूटी पर जा रहे मेहर चंद का बैग बीच रास्ते में गिर गया। बैग में डेढ़ लाख रुपये, मोबाइल और कुछ कपड़े थे। मेहर चंद को जब बैग गिरने का एहसास हुआ तो उसने नम्होल पुलिस चौकी में इसकी शिकायत कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से स्कूटी का पता लगाया। पुलिस को नम्होल के पास बैग गिरने की जानकारी मिली और उसके बाद पुलिस ने स्कूटी के पीछे चल रही गाड़ी का नंबर खंगाला। यह गाड़ी टेंपो ट्रैवलर थी। पुलिस इस गाड़ी के मालिक कलजंग तेंजिन तक पहुंच गई। जब उससे संपर्क किया गया तो उसने आनाकानी शुरू कर दी। पुलिस ने गाड़ी मालिक से उसकी लोकेशन बताने और नजदीक के थाने में बैग जमा करवाने को कहा। लेकिन उसने अपनी लोकेशन पुलिस को नहीं बताई। पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन से गाड़ी मालिक के नेरचौक में होने का पता लगाया और उस पर बैग जमा करवाने के लिए दबाव बनाया। दबाव की वजह से गाड़ी मालिक ने बैग को नेरचौक में पुलिस के हवाले कर दिया। बैग में रखे पैसे और मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने कहा कि बैग को तलाश करने में आरक्षी सुरेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने लैपटॉप की मदद से इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाया।