झंडूता (बिलासपुर)। पुलिस थाना क्षेत्र झंडूता के तहत धराड़सानी गांव में जमीन विवाद पर दो पक्षों के बीच झगड़ा होने से मामला थाना में पहुंच गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों पर क्रॉस केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शेर सिंह और देश राज ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि हम मकान का कार्य कर रहे थे तो मनोज कुमार और उसकी पत्नी ने मारपीट और गालीगलौज किया जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया। वहीं, मनोज ने पुलिस थाने में केस दर्ज कराया कि उपरोक्त लोग मेरी मलकीयत भूमि में जबरदस्त मकान का निर्माण कर रहे हैं। इस भूमि का कोर्ट से स्टे ले रखा है। जब इन लोगों को रोका तो मेरे साथ मारपीट करने लगे। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।