श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय श्री नयनादेवी जी में रेडक्रॉस क्लब के तत्वावधान में सीपीआर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित करना रहा। गृह रक्षा विभाग के कंपनी कमांडर गुरुदेव सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उनके साथ गृह रक्षक राजेश कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने सीपीआर तकनीक का लाइव डेमो देकर प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि अचानक हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में समय रहते सीपीआर देकर किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने छाती दबाने की सही विधि, कृत्रिम श्वसन (सांस देने) की प्रक्रिया और प्राथमिक कदमों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लिया और तकनीक को व्यवहारिक रूप से सीखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी प्राचार्य पंकज कुमार ने की। इस अवसर पर प्रो. सुभाष, डॉ. अजय चौहान, प्रो. साक्षी, कार्यालय सहायक विकास शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।