. कुई धार तक बनेगी 9 से 10 किलोमीटर लंबी सड़क, सुंगरी–रोहड़ू मार्ग से जोड़ने की भी संभावना
. जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण मंत्री और विधायक का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
नवरात्र के अवसर पर सुरड बंगला से सरा बाहली (कुई धार) तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 10 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कुई धार तक किया जाएगा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक का आभार जताया है। मझौली-टिप्पर पंचायत के प्रधान बलवीर सिंह, उपप्रधान तस्वीर ठाकुर, पूर्व प्रधान एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष विजय कनैन और पूर्व उपप्रधान नरेंद्र चौहान सहित ग्रामीणों ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक नंद लाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। सड़क बनने से स्थानीय जनता को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के किसानों-बागवानों को सेब सहित अन्य नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में सरकार की स्वीकृति और सहयोग मिलने पर इस सड़क को सुंगरी–रोहड़ू सड़क मार्ग से जोड़ने की संभावना भी है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर हो सकता है। स्थानीय लोगों को रोहड़ू के लिए आवाजाही की सुविधा मिल सकती है। ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग और सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों का आभार जताया है।