- शहीद स्मारक पर दिया धरना, किसान भवन तक निकाली रैली
- मोदी सरकार मुर्दाबाद, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे लगाए नारे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संसद से राज्यसभा और लोकसभा के 146 सांसदों के निलंबन पर शहर स्थित शहीद स्मारक पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद किसान भवन तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इस दौरान मोदी सरकार होश में आओ, मोदी सरकार मुर्दाबाद, सांसदों का निलंबन वापस लो, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए गए।
शहीद स्मारक पर वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार विपक्ष रहित सदन चाहती हैं, लेकिन वह लड़ते रहेंगे। 13 दिसंबर को संसद में कुछ व्यक्ति सांसदों तक जा पहुंचे और रंग उड़ाया। सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही पर विपक्षी सांसद गृह मंत्री के बयान की मांग कर रहे थे। इस पर कई सांसदों को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने कहा मोदी सरकार तानाशाह होती जा रही है और एक जोड़ी दिल्ली में लोगों को ठगने के लिए इकट्ठी हुई है, लेकिन विपक्ष की सभी पार्टियां एकत्रित हो चुकी हैं। वह इस तानाशाही के खिलाफ आवाज उठा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि आगामी आम चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए। विकसित देश भी ईवीएम को छोड़ बैलेट पेपर से चुनाव करा रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव बंबर ठाकुर, जिलाध्यक्ष अंजना धीमान, प्रदेश महासचिव विकास ठाकुर, सचिव विवेक कुमार, पूर्व विधायक बाबू राम गौतम, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, मीरा भोगल, संदीप सांख्यान, अजय चंदेल, विनोद चंदेल, हीरापाल ठाकुर, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल आदि मौजूद रहे।