संस्थान बंद करने पर भाजपा ने शाहतलाई में की विशाल रैली
-जल्द बहाल नहीं हुए संस्थान तो झंडूता भाजपा शुरू करेगी धरना प्रदर्शन : कटवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई(बिलासपुर)। प्रदेश में कांग्रेस सरकार की ओर से झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद करने के विरोध में रोष रैली निकाल कर धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध रैली में शाहतलाई, नघ्यार, घराण, कोसरियां, झबोला, दसलेहड़ा के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
इस विरोध प्रदर्शन रैली में कांग्रेस सरकार होश में आओ, तलाई तहसील बहाल करो, कांग्रेस सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। हाथों में नारे लिखीं तख्तियां लेकर तलाई बाजार में रैली निकाली गई। झंडूता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक जीत राम कटवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता की सुविधा के लिए कई कार्यालयों का स्तरोन्नयन करने के साथ नए कार्यालय भी खोले, लेकिन वर्तमान सरकार एक-एक कर सभी कार्यालयों को बंद करने में लगी हुई है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों के खुलने से लोगों को अच्छी सुविधा मिल रही थी। सरकार को चेतावनी दी कि सरकार इन बंद किए कार्यालयों को फिर से शुरू करें अन्यथा झंडूता भाजपा आने वाले समय में धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपना तो कुछ दिया नहीं, लेकिन भाजपा राज के फैसलों को बदलने का काम शुरू कर दिया। कहा कि कांग्रेस ने कहा था कि हम सत्ता में आते ही 10 दिन में महिलाओं के लिए 1500 रुपये, ओपीएस, 300 यूनिट बिजली मुफ्त देेंगे। लेकिन सरकार ने जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा राज में खोले गए कार्यालयों को बंद करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के फैसलों को बदलना कांग्रेस सरकार की नाकामी है। कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालते ही जिस तरह जयराम सरकार के फैसलों को बदलने का कार्य किया है। उससे जनता में गुस्सा है। कहा कि कांग्रेस ने लोगों से कांग्रेस की दस गारंटी का वादा कर सत्ता हासिल कर ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था कि वह पहली कैबिनेट में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल, प्रदेश की हर महिला को 1500 रुपये, किसानों से सौ प्रति किलो के हिसाब से दूध खरीदेंगे, दो रुपये किलो गोबर खरीदने की बात कही थी लेकिन आज तक कोई भी गारंटी पूर्ण रूप लागू नहीं हुई।