बिलासपुर। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और श्री नयना देवी से पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों से कांग्रेस के विधायक राम लाल ठाकुर बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक के बयान से लगता है कि वे नहीं चाहते कि श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र का विकास हो। इसलिए उन्होंने एफआइआर दर्ज करने की बात कही है। शर्मा ने कहा कि राम लाल ठाकुर बड़े शौक से एफआइआर दर्ज करवा सकते हैं। वो इससे घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वे श्रीनयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसके लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे। शर्मा ने कहा कि टिक्कर दौलाधार संपर्क सड़क के भूमि पूजन पर सवाल खड़ा करने वाले राम लाल ठाकुर बताएं कि अटल टनल रोहतांग का शिलान्यास सोनिया गांधी ने कैसे किया था। उनके पास सरकार में कौन सा ओहदा था। कहा कि वर्तमान में सभी कांग्रेसी नेता उनकी पट्टिका लगवाने के लिए जमीन आसमान एक किए हैं। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेसी नेताओं की इस दोहरी मानसिकता की निंदा करती है।