बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के तहत दधोल कलां सड़क पर बारिश में टारिंग करने को लेकर लोगों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की है। लोगों ने जांच करने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान टारिंग करने से तारकोल नहीं टिक पाएगी। ऐसे में पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। लोगों ने कहा कि ठेकेदार तो काम करके चले जाएंगे लेकिन सड़क के उखड़ जाने से परेशान स्थानीय जनता को उठानी पड़ेगी। दधोल कलां की ग्राम सुधार सभा के सदस्य तिलक राज और स्थानीय निवासी प्रवीण कुमार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दी है। इनका कहना है कि निहारी से दधोल कलां संपर्क सड़क पर करीब ढाई किलोमीटर के हिस्से पर तारकोल डालने का काम हो रहा है, लेकिन भारी बारिश में जिस तरह यह टारिंग की जा रही है उससे साफ जाहिर है कि कुछ ही समय बाद यह उखड़ जाएगी। इससे पहले एक मोबाइल कंपनी ने फाइबर केबल डालने के लिए सड़क के किनारों से खोदा गया था। इसके बाद लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। लोगों की सहूलियत के लिए करीब पांच वर्ष बाद पैसा मंजूर होकर आया है। इस पैसे से सड़क की टारिंग की जा रही है, बारिश के दौरान तारकोल डालकर पैसा पानी में बहाया जा रहा है।
एसडीओ भराड़ी रत्न ने कहा कि मौके पर जांच करेंगे। अगर काम गलत किया होगा तो ठेकेदार से दोबारा कराया जाएगा।