बिलासपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 12 और 14 अगस्त को बिलासपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। दो दिन के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि 12 अगस्त को मुख्यमंत्री झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धराड़सानी पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:20 बजे मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम और मछुआरा सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर दो बजे वह हमीरपुर के लिए रवाना होंगे। वहीं, 14 अगस्त को मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे घुमारवीं के निहारी में राज्य स्तरीय वन महोत्सव की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:05 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। साथ ही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। 14 अगस्त को मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में रहेगा। संवाद