घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत कुठेड़ा कस्बे के निवासी स्वतंत्रता सेनानी डंडू राम शर्मा ने कोरोना कोविड-19 से निपटने के लिए प्रधानमंत्री केयर में 25000 और हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री राहत कोष में 1,000,00 रुपये का दान दिया। यह राशि स्वतंत्रता सेनानी ने हिमाचल प्रदेश कॉपरेटिव बैंक कुठेड़ा के माध्यम से जमा करवाई। उन्होंने कहा कि कोविड 19 जैसी महामारी से निपटने के लिए हर भारत वासी को सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। 130 करोड़ की आबादी में अगर प्रत्येक व्यक्ति इच्छा से थोड़ा-थोड़ा अंशदान दे तो आने वाले समय में भारत के लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नागरिकों का कर्तव्य बनता है कि वे अपने आसपास के वातावरण में स्वच्छता बनाए रखें। इसके साथ सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। इस मौके पर शाखा प्रबंधक अधिकारी रमेश भारद्वाज ने बताया कि यदि कोई प्रधानमंत्री केयर व मुख्यमंत्री राहत कोष में राशि जमा करवाता है तो किसी प्रकार का अतिरिक्त देय अदा नहीं करना पड़ेगा।