संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा दधोल ने सरस्वती विद्या मंदिर भटेड़ में वित्तीय साक्षरता शिविर लगाया। इस दौरान बच्चों को बैंक सेवाओं और डिजिटल लेनदेन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्रबंधक अजय सिंह और प्रबंधक विनोद कुमार ने की। प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य छात्रों को वित्तीय जानकारी प्रदान करना था। इसमें सपनों का संचय, बचत योजना, डिजिटल लेनदेन, केंद्रीय सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बैंक से जुड़ने के अनेक लाभों के बारे में भी बच्चों को बताया गया। विनोद कुमार ने बच्चों को डिजिटल वित्तीय लेनदेन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नकद लेनदेन की बजाय डिजिटल भुगतान का अधिक इस्तेमाल करें। इससे भ्रष्टाचार से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेनदेन से आप किसी भी प्रकार के बिल का भुगतान कर सकते हैं। डिजिटल भुगतान के लिए सबसे पहले बैंक में खाता खुलवाने की आवश्यकता होगी। बैंक में एक बार जाकर दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड देकर खुलवाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि घर में जाकर अपने माता-पिता और अन्य पड़ोसियों को भी डिजिटल भुगतान के बारे में जागरूक करें, ताकि सरकार का अभियान सफल हो सके। इसके अलावा उन्होंने फोन पर अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी के साथ भी शेयर न करने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य सहित स्कूल उपस्थित रहा।