संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व विधायक एवं सीपीआई नेता केके कौशल ने कहा कि एम्स बिलासपुर में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण वरिष्ठ डॉक्टरों का पलायन हो रहा है और मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की कमी से कई मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ और आईजीएमसी शिमला रेफर किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में कौशल ने कहा कि बाहर से आने वाले डॉक्टरों के लिए आवास, बच्चों की शिक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने मरीजों के लिए पार्किंग व्यवस्था में सुधार और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने की भी मांग उठाई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से एम्स बिलासपुर में आधुनिक उपकरणों के लिए पर्याप्त बजट और डॉक्टरों व मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने का आग्रह किया।