-सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसलिंग पर वेबिनार का आयोजन
-वेबिनार में आठ हजार विद्यार्थियों और एक हजार अध्यापकों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपनिदेशक उच्च शिक्षा और भारती फाउंडेशन के सहयोग से जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसलिंग एवं गाइडेंस पर ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। वेबिनार में 9वीं से 12वीं तक के आठ हजार विद्यार्थियों और एक हजार अध्यापकों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने आईसीटी लैब, स्मार्ट रूम, कंप्यूटर और मोबाइल फोन के माध्यम से वेबिनार में भाग लिया। यह इस सत्र का दूसरा वेबिनार था। कॅरिअर काउंसलर लोकमान सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि किस प्रकार कॅरिअर चार्ट बनाएं। कॅरिअर चार्ट में कोर्स में प्रवेश पाने के लिए दी जाने वाली परीक्षाएं, कॅरिअर विकल्प के लिए कोर्स, कोर्स के लिए फार्म भरने की, प्रवेश परीक्षा तिथि, चयनित कॉलेज की सूची, कॉलेजों में प्रवेश की कट-ऑफ अंक सीमा, कॉलेज की फीस और अन्य जानकारियां होनी चाहिए। उपनिदेशक उच्च शिक्षा जोगिंदर सिंह राव ने बताया कि कार्यशाला से विद्यार्थी बहुत लाभान्वित हुए। विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से काउंसलिंग में भाग लिया। विद्यार्थियों ने चैट बॉक्स के माध्यम से मुख्य काउंसलर से प्रश्न भी पूछे। विद्यार्थियों की भलाई के लिए भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने भारती फाउंडेशन के पदाधिकारियों, प्रोजेक्ट समन्वयक ब्रजेश भारद्वाज और काउंसलर लोकमान सिंह का धन्यवाद किया।