पशुपालन विभाग के सहयोग से गो सेंचुरी भेजे जा रहे सड़क पर घूम रहे पशु
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विकास खंड सदर की ग्राम पंचायतों में सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को सुरक्षित आश्रय दिलाने की मुहिम शुरू की गई है। पशुपालन विभाग के सहयोग से इन पशुओं को पकड़कर गो सेंचुरी सदर नालागढ़ भेजा जा रहा है। खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर लावारिस न छोड़े। ऐसा मामला सामने आने पर तुरंत विकास खंड कार्यालय को सूचना देने को कहा गया है। बीडीओ ने कहा कि लावारिस पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का सहयोग जरूरी है। सामूहिक प्रयास से पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने के साथ सड़कों पर उनके कारण होने वाली परेशानी को भी कम किया जा सकता है।