शहर के पार्कों में देखरेख नहीं होने के कारण पाक में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुईं हैं। इससे स्क्रब टायफस जैसी बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है क्योंकि पार्कों में झाड़ियों के बीच भी कई बच्चे झूलों का आनंद ले रहे हैं। वहीं कई पार्काें में झूले और दीवारें भी टुटी हुईं हैं। जबकि लाइट व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय यह पार्क नशेड़ियों के अड्डे भी बन जाते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को पार्क में जाने से भी डर लगता।
शहर के सभी 11 वार्ड में नगर परिषद के पार्क हैं लेकिन यह सभी पार्क नगर परिषद की उपेक्षा का शिकार हैं। यहां उगी झाड़ियां और जंगली घास को देखकर सहजता से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सफाई हुए दो-चार दिन नहीं बल्कि महीने गुजर चुके हैं। बच्चों के पास सुबह-शाम खेलने के लिए यही पार्क एकमात्र विकल्प हैं। ऐसे में कई बच्चे झाड़ियों के बीच भी झूलों का आनंद लेने पहुंच जाते हैं लेकिन यह बच्चे स्क्रब टायफस जैसी बीमारी की चपेट में आ सकते हैं क्योंकि स्क्रब टायफस को फैलाने वाला कीट झाड़ियों के बीच ही पनपता है। वैसे भी जिले में स्क्रब टायफस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे संक्रमित लोगों की संख्या 185 पहुंच चुकी है। इसके अलावा अधिकतर पार्कों में लाइट की व्यवस्था नहीं है। इससे रात होते ही यह पार्क आवारागर्दी करने वालों और नशेड़ियों के अड्डे बन जाते हैं। कई पार्कों की चाहरदीवारी भी टूटी चुकी है जिस कारण लावारिश पशु भी इनमें डेरा डाले रखते हैं। शहर के लोगों के अनुसार कई बार पार्कों की व्यवस्था सुधारने की मांग भी की गई है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उधर, नगर परिषद बिलासपुर के कार्यकारी अधिकारी हितेश कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को पार्कों में उगी झाड़ियों को काटने और चाहरदीवारी की मरम्मत करने के निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही पार्कों की व्यवस्था में सुधार कर दिया जाएगा।