डाबर के लिए बस सेवा शुरू होने की खुशी में स्थानीय लोग चालक ,परिचालक को फूलमालाओं पहना कर गर्मज
ग्रामीणों ने फूल मालाओं से किया चालक और परिचालक का स्वागत
बस सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत
10 गांव के हजारों की आबादी को मिलेगा बस सुविधा का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। घ्याल और नम्होल पंचायत के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। डाबर वाया खलोटा-गुतराहण-पोहणी रूट पर बस सेवा शुरू हो गई है। बस के पहले ही दिन ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लोगों ने बस और चालक और परिचालक का गर्मजोशी से फूल मालाओं के साथ स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। इस रूट पर अब तक कोई बस सेवा नहीं थी। बस सुविधा नहीं होने से लोगों को आवाजाही के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र के 10 गांव की हजारों की आबादी इससे लाभान्वित होगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस बस सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और बुजुर्गों को काफी राहत मिलेगी। पहले उन्हें मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। अब उन्हें आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। बताया कि इस रूट पर बस सेवा शुरू करवाने में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर और पूर्व कांग्रेस महासचिव विकास ठाकुर की अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से ही यह सुविधा संभव हो पाई है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, परिवहन निगम और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस सेवा से बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी आसानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस रूट पर बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी ताकि सभी गांवों को सुचारू परिवहन सुविधा मिल सके।