बनेर शिव मंदिर के पास ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराया ट्राला। संवाद
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट से करीब पांच किलोमीटर दूर बनेर शिव मंदिर के पास ट्रॉला के उतराई में जाते समय उसके ब्रेक फेल हो गए। ट्रॉला करीब एक बजे एक्सकैवेटर मशीन लेकर बिलासपुर की तरफ जा रहा था।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय ट्रॉला अनियंत्रित होकर शिव मंदिर के साथ लगती पहाड़ी से टकराकर रुक गया। गनीमत यह रही कि ट्रॉला शिव मंदिर की तरफ नहीं गया अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
इस हादसे में ट्रक के चालक-परिचालक दोनों को चोटें आई हैं। परिचालक सेलेंद (30) निवासी यूपी के सिर में काफी चोटें आई हैं, जिसे सीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी स्वारघाट लाया गया है। जहां पर उसका प्राथमिक उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी व थाना स्वारघाट की टीम ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं हाईवे ट्रैफिक कर्मी मौके पर यातायात व्यवस्था संभाले हुए हैं।
इस हादसे में ट्रॉला चालक ने सुझबुझ दिखाई है। ब्रेक नहीं लगने पर और सामने शिव मंदिर है तो उसने ट्रॉले को पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। जिससे ट्रॉला पहाड़ी से टकराकर रुक गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। डीएसपी श्री नयना देवी जी शेर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।