घुमारवीं में क्रमिक अनशन पर बैठे भाजपा नेता और कार्यकर्ता। स्रोत: भाजपा
राजेंद्र राणा बोले- सवाल करने वालों पर दर्ज हो रही एफआईआर, कानून सबके लिए समान होना चाहिए
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर कार्रवाई में कथित भेदभाव और पुलिस प्रशासन के दोहरे रवैये के विरोध में घुमारवीं में शुरू किया गया क्रमिक अनशन शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया। राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने और अपनी बात रखने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना विपक्ष और आम जनता का अधिकार है। किसी भी शिकायत पर दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष जांच के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि घुमारवीं में पुलिस कार्रवाई को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और इसी के विरोध में वे कई दिनों से अनशन पर बैठे हैं। कानून सभी के लिए समान है तो कार्रवाई का तरीका भी समान होना चाहिए। एफआईआर और दबाव की राजनीति से भाजपा कार्यकर्ताओं की आवाज नहीं दबाई जा सकती। पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं घुमारवीं के पूर्व विधायक राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सभी के लिए बराबर होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर अलग रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। शनिवार को पंकज चंदेल, कुलदीप राव, मदन वर्मा, मुकेश राव और अनीश ठाकुर क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।