बिलासपुर। करुणामूलक संघ ने आक्रोश रैली निकाल कर आश्रितों को रोजगार देने की मांग की है। इसे लेकर संघ के बैनर तले शुक्रवार को प्रदर्शन भी किया। रैली कॉलेज चौक से आरंभ हुई और उपायुक्त कार्यालय तक गई। संघ की ओर से उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी भेजा गया।
इस अवसर पर संघ के मुख्य सलाहकार शशि पाल ने कहा कि करुणामूलक आधार पर प्रदेश हजारों लोग सालों से रोजगार की बाट जो रहे हैं। इस मांग को लेकर पीड़ित परिवारों के आश्रित 393 दिन से शिमला में क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
सरकार इन आश्रित परिवारों की मांग को अनदेखा कर रही है। संघ मांग करता है कि समस्त विभागों, बोर्डों, निगमों व कृषि विश्वविद्यालय में करुणामूलक आधार पर दी जाने वाली नौकरियों के केसों को वन टाइम सेटलमेंट के तहत निस्तारित किया जाए। क्लास-सी में जितने भी मामले आ रहे है, उन्हें योग्यता के अनुसार नौकरियां दी जाएं। 62,500 की शर्त को हटाया जाए और वित्त विभाग में अटके क्लास डी के मामलों को जल्द कैबिनेट में लाकर निपटाया जाए। संवाद