श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। उपमंडल के गांव ओलिंडा के डाकघर में शुक्रवार रात करीब डेढ़ लाख की नकदी चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को ओलिंडा स्थित डाकघर में शातिरों ने 1,41,336 रुपये की नकदी चोरी कर ली।
घटना का पता तब लगा जब शनिवार सुबह पोस्टमास्टर प्रकाश चंद डाकघर पहुंचे। उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाकर देखा तो अंदर रखी 1,41,336 रुपये की नकदी गायब थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थाना कोट के प्रभारी गौरव भारद्वाज ने बताया कि ओलिंडा गांव में एक बैंक और डाकघर है। दोनों संस्थाओं में कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। रास्तों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। संवाद