स्कूल बस चलाता है पीड़ित व्यक्ति, दंपती पर मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना बरमाणा के तहत स्योहला में निजी बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में सदर तहसील के डोभा डाकघर के मनोज कुमार ने बताया कि जुखाला में एक निजी स्कूल बस पर बतौर चालक कार्यरत है। स्कूल के बच्चे व अध्यापक स्योहला से बस में आते-जाते हैं। रास्ते पर एक महिला और उसका पति कई बार बस को रोक कर इनके घर के आगे सड़क से बस को ले जाने से मना करते हैं। कई दिनों से ऐसे ही यह परिस्थिति बनी हुई थी। मनोज ने बताया कि 28 मई को वापस आते समय व्यक्ति ने चेतावनी दी थी कि शाम को बस ऊपर नहीं जाएगी, वरना बस में तोड़-फोड़ की जाएगी। चालक ने इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन व उप प्रधान स्योहला को दी थी। इसके बाद बुधवार को जब मनोज स्योहला से बच्चों व अध्यापकों को लेकर स्कूल जा रहा था तो उस महिला और उसके परिवार सड़क में आकर खड़े हो गए और बस रुकवा दी। मनोज ने आराेप लगाया कि व्यक्ति उसे गले से पकड़कर थप्पड़ मारे और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकियां दीं। डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि चालक से मारपीट का मामला सामने आया है, पुलिस कार्रवाई कर रही है।