स्वारघाट की कुटेहला पंचायत में बीती बरसात में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया मकान
डर के साय में जी रहा पीड़ित परिवार
-आर्थिक सहायता के लिए तहसील कार्यालय में भी किया था आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट की कुटेहला पंचायत के दभेटा गांव में बीते साल हुई भारी बारिश से प्रेम लाल का नवनिर्मित मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। एक साल बीत जाने के बावजूद भी पीड़ित को प्रशासन और प्रदेश सरकार की तरफ से किसी भी तरह की कोई सहायता नहीं मिली, जिस कारण प्रेमलाल का परिवार आज भी क्षतिग्रस्त मकान में रहने को मजबूर है। प्रेमलाल का कहना है कि अब फिर से बरसात सिर पर आ खड़ी हुई है। फिर से सारे परिवार पर जान के खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। उन्हें डर सता रहा है कि इस बार की बरसात में उसका क्षतिग्रस्त मकान कहीं पूरी तरह से न गिर जाए। प्रेम लाल ने बताया कि तहसील कार्यालय स्वारघाट के अंतर्गत पटवार सर्कल दभेटा के पास और तहसील कार्यालय में जाकर आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आवेदन दिया था। लेकिन एक साल बाद भी कुछ नहीं मिल सका। प्रशासन की तरफ से उसे न कोई तिरपाल मिल सकी है और न ही मकान की मरम्मत कार्य करने के लिए कोई भी आर्थिक सहायता के नाम पर फूटी कौड़ी भी नहीं मिल सकी है। उधर, ग्राम पंचायत कुटेहला के प्रधान बाल कृष्ण ठाकुर ने पीड़ित परिवार के क्षतिग्रस्त रिहायशी मकान का निरीक्षण किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि पीड़ित परिवार के क्षतिग्रस्त रिहायशी मकान की मरम्मत के लिए उचित सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि बरसात में उन्हें डर के साए में न जीना पड़े।
कोट
मामला अभी ध्यान में आया है। पीड़ित व्यक्ति राहत अधिनियम के तहत हर संभव सहायता की जाएगी।
-शिवानी भारद्वाजए नायब तहसीलदार, स्वारघाट