बिलासपुर के विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित बैठक में उपस्थित जिला सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक संघ ए
जिला सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक संघ ने बैठक कर सरकार से की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक संघ एवं समाज सुधार समन्वय समिति की श्री विश्वकर्मा मंदिर परिसर में रविवार को बैठक हुई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले एक साल से सेवानिवृत्त जेबीटी, सीएचटी और बीईईओ के वेतन संशोधन के मामले शिक्षा विभाग द्वारा अनुमोदन के लिए एजी ऑफिस शिमला भेजे गए हैं। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। महिला विंग की अध्यक्ष फूला चंदेल ने कहा कि 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए जेबीटी, सीएचटी, बीईईओ के वेतन संशोधन के मामले पर आठ वर्ष बीत जाने के बाद मात्र एक बीईईओ का मामला सुलझ पाया है। शेष मामले अभी भी अधर में लटके हैं। जबकि 2026 मेंं नया वेतन आयोग भी आने वाला है। उन्होंने प्रदेश सरकार से वेतन संशोधन के मामलों को शीघ्र निपटाने की मांग की है। फूला चंदेल ने कहा कि संघ की अगली मासिक बैठक घुमारवीं में आयोजित होगी। रविवार को हुई बैठक में सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक संघ एवं समाज सुधार समन्वय समिति के जिला वरिष्ठ उपप्रधान विजय राम शर्मा, कोषाध्यक्ष अश्विनी चंदेल, संगठन सचिव अमर सिंह चंदेल, संघ के पूर्व अध्यक्ष व संस्थापक पंडित किशोरी लाल शर्मा, वसुदेव सिंह, उप प्रधान तेज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।