जिले में 277 जेबीटी अध्यापकों के पद खाली, 16 स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर पढ़ा रहे शिक्षक
-खाली पद होने से बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के प्राथमिक स्कूलों में बीते कई वर्षों से जेबीटी अध्यापकों के 277 पद खाली हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। 150 स्कूलों में पहली से पांचवीं कक्षा तक एक-एक शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे हैं। इसके अलावा 16 स्कूल ऐसे है जहां एक भी शिक्षक नहीं है। इन स्कूलों में शिक्षा विभाग प्रतिनियुक्ति पर अध्यापक भेज कर काम चला रहा है। इससे न केवल अध्यापकों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। जिले में प्राथमिक स्कूलों की संख्या 575 हैं। अधिकतर स्कूलों में पिछले दो साल से शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। हालत यह है कि कई स्कूलों में एक साथ बैठाकर पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को पढ़ाई करवाई जा रही है। अध्यापकों के पद खाली होने से स्कूलों में बच्चों की संख्या भी लगातार घटती जा रही है। अभिभावक बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने के लिए प्राथमिकता दे रहे हैं। एक स्कूल में एक अध्यापक होने से उन पर भी अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है। अध्यापक को बच्चों की पढ़ाई के साथ मिड डे मील सहित अन्य प्रशासनिक कार्य भी करने पड़ रहे हैं।
कोट
जिले के प्राथमिक स्कूलों में अध्यापकों के रिक्त पद की जानकारी निदेशालय को भेजी गई है। इन पदों को भरने की प्रक्रिया
निदेशालय से ही की जाती हैं।
-राजकुमार शर्मा, कार्यकारी उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर