संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। झंडूता उपमंडल डमली पंचायत के समलेटा (दुन) गांव में कुछ शरारती तत्व चंदन के पेड़ काट कर ले गए। रात के समय चारों ने इस घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले रात के समय चोरों ने सेंध लगाई और 15 से 16 पेड़ काटकर ले गए। अब फिर से चोर रात के समय वहां पर पहुंचे और चंदन के पेड़ों को काटने में लगे हुए थे। रात करीब 11:00 बजे एक ट्रैक्टर वहां से गुजर रहा था, चालक को देख कर चोर वहां से भाग गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर घर के पास ही पेड़ों को काटकर ले जा रहे थे। हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। स्थानीय पांच परिवारों ने अपनी भूमि पर यह पेड़ लगाए थे। पंचायत प्रधान वंदना कुमारी ने बताया कि ऐसी घटनाओं से समाज में बुरा असर पड़ता है। अगर चोर पकड़े जाते हैं तो उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी।