-47 सीटर बसें यात्रियों के लिए सुविधाजनक
-यात्रियों को मिलेगा खटारा बसों से छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एचआरटीसी के बिलासपुर डिपो को सात बीएस सिक्स बसें मिली हैं। परिवहन विभाग से पासिंग के बाद इन बसों का संचालन शुरू होगा। हालांकि अभी तय नहीं किया है कि यह बसें किस रूट पर चलेंगी।
बिलासपुर डिपो में शनिवार रात को छह नई बीएस सिक्स बसें पहुंचीं। 47 सीटर यह बसें यात्रियों के लिए सुविधाजनक हैं। हालांकि बिलासपुर डिपो को अभी और भी नई बसों की जरूरत है। जानकारी के अनुसार बिलासपुर डिपो में करीब 35 बसेंं माइलेज यानी साढ़े आठ लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। इन बसों को कई रूट पर दौड़ाया जा रहा है। अक्सर यह बसें कहीं न कहीं पर रुक जाती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की कमी के चलते लंबी दूरी के रूटों पर भी निगम खटारा बसों को भेजने के लिए मजबूर है। बसें खटारा होने के चलते निगम को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है, क्योंकि एचआरटीसी की खटारा बसों को देखकर यात्री बाहरी राज्यों की बसों में यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। सात नई बसें आने से यात्रियों को भी खटारा बसों से छुटकारा मिलेगा। साथ ही निगम को भी फायदा होगा। उधर, बिलासपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक जोगिंद्र चौधरी ने बताया कि सात नई बसें बिलासपुर पहुंच गई हैं। इस बसों की अब परिवहन विभाग से पासिंग कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें स्थानीय और लॉग रूट पर भेजा जाएगा।