गोथना गांव के साथ जंगल में लगी आग। संवाद
तेज हवा के चलते तेजी से फैली आग, सूखी घास जली, चीड़ के पेड़ों को पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपतहसील की पलेही पंचायत के गोथना गांव के साथ लगते जंगल में शुक्रवार अपराह्न 3:00 बजे आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से पूरे क्षेत्र में फैलने लगी। इससे जंगल में सूखी घास जलकर राख हो गई। चीड़ के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। आग की चपेट में आने से गांव के घरों को बचाने के लिए ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गांव के ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता है, तो यह विकराल रूप धारण कर सकती थी। शाम के समय तेज हवा चलने के कारण आग के और अधिक फैलने का खतरा था। ग्रामीणों की सतर्कता और सामूहिक प्रयासों से आग को गांव के घरों तक पहुंचने से रोक लिया गया। हालांकि, जंगल में सूखी घास और चीड़ के पेड़ों को नुकसान पहुंचा है।