बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर की ओर से आयोजित ब्यूटी पार्लर के 35 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में विभिन्न स्वयं सहायता समूह और बीपीएल परिवार की 33 महिलाओं ने भाग लिया। संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा और अग्रणी जिला प्रबंधक चंद्र शेखर यादव ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा ने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से चलाया जा रहा है। यह जिले के बेरोजगार ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए कई गतिविधियों में निशुल्क प्रशिक्षण देता है, जिसका बहुत से युवाओं ने लाभ उठाया है। संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 साल के युवाओं के लिए ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग बनाना, खिलौना बनाना, कंप्यूटर बेसिक, मोटर ड्राइविंग आदि में प्रशिक्षण देता है। उन्होंने लोगों को बैंक की ओर से चलाई जा रही अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजना आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी।