-दोकडू में लोगों को दी वित्तीय योजनाओं की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा झंडूता ने ग्राम पंचायत रोहल के गांव दोकडू में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सुनील चंदेल ने की।
उन्होंने महिलाओं से बचत करने और स्वयं सहायता समूह बनाकर छोटी-छोटी बचत कर अपना बैंक खुद चलाने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों को सरकार की ओर से चलाई जा रही सशक्त महिला ऋण योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, शिक्षा ऋण, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एटीएम, गूगल पे, भीम ऐप, फोन पे, हिम पैसा, इंटरनेट बैंकिंग का प्रयोग सावधानी से करें। अपना एटीएम नंबर, पिन नंबर, आधार कार्ड नंबर और ओटीपी नंबर किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। उन्होंने बैंक की सरकारी विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान किया। शिविर में पंचायत प्रधान राज कुमार, उप प्रधान राकेश, बीडीसी सदस्य श्याम लाल, बुधी सिंह, नरवीर, पुष्पा, संगीता, पूजा, शीला, अंतो देवी सहित मुकडाना महिला मंडल की सदस्यों सहित करीब छह दर्जन लोग उपस्थित रहे।