पुरानी सड़क की है खस्ता हालत, धूल की भारी समस्या से लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा के तहत बलोही गांव की सड़क 31 लाख रुपये से सुधारी जाएगी। सड़क की खस्ता हालत और उड़ती धूल से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
एक ओर जहां बिलासपुर से गुजर रहा फोरलेन पर्यटकों और अन्य यात्रियों को सुविधाएं प्रदान कर रहा है, वहीं वाहन चालक टोल टैक्स बचाने के लिए इस पुरानी सड़क का इस्तेमाल कर रहे थे। इससे सड़क का हाल और भी बदतर हो गया था और लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। ग्रामीणों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए हिमुड़ा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल ने जिला उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक से बातचीत की। जिसके बाद 31 लाख की राशि इसके लिए मंजूर की गई, जिससे सड़क का सुधार कार्य जल्द ही शुरू होगा। इस राशि से सड़क का कायाकल्प किया जाएगा, जिससे धूल की समस्या समाप्त होगी। इसके अलावा, नालियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे पानी की निकासी सही तरीके से हो सकेगी और सड़क पर कीचड़ नहीं जमा होगा। इस सुधार कार्य से न केवल ग्रामीणों को राहत मिलेगी, बल्कि यात्रियों के लिए भी मार्ग सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।