डीएनए रिपोर्ट में गर्भस्थ शिशु का जैविक संबंध आरोपी से हुआ साबित
विशेष न्यायाधीश ने अपराध की गंभीरता को देखते सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में गिरफ्तार उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय आरोपी को अदालत से राहत नहीं मिली। विशेष न्यायाधीश ज्योत्सना सुमंत डढवाल की अदालत ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। एसएफएसएल जुंगा की डीएनए रिपोर्ट में गर्भस्थ शिशु का जैविक संबंध आरोपी से मेल खाने की पुष्टि हुई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, किशोरी 12 अप्रैल 2026 को आरोपी के साथ घर से बरठीं आई थी। दोनों किराये के कमरे में रह रहे थे। पांच जुलाई को किशोरी ने महिला पुलिस थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में आधार कार्ड और स्कूल के दस्तावेजों के आधार पर किशोरी की उम्र 14 वर्ष पाई गई। मेडिकल जांच में गर्भवती होने की पुष्टि हुई। 15 जुलाई को जिला अस्पताल में उसका गर्भपात करवाया गया। बाद में किशोरी और आरोपी के नमूने डीएनए जांच के लिए भेजे गए। रिपोर्ट में गर्भस्थ शिशु का जैविक संबंध आरोपी से मेल खाया। बचाव पक्ष ने किशोरी की उम्र 19 वर्ष होने और एफआईआर में देरी का तर्क देकर जमानत मांगी। वहीं, अभियोजन पक्ष ने गंभीर अपराध और वैज्ञानिक साक्ष्यों का हवाला दिया। अदालत ने कहा कि घटना के समय किशोरी नाबालिग थी और देरी जमानत का आधार नहीं बन सकती। मामले में आठ दिसंबर 2026 को अभियोजन साक्ष्य के लिए सुनवाई होगी।