घुमारवीं फायर चौकी में नेशनल फायर सर्विस वीक का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं स्थित फायर चौकी में मंगलवार को नेशनल फायर सर्विस वीक का शुभारंभ हुआ। सेवानिवृत्त अग्निशमन अधिकारी भूपेंद्र पाल डोगरा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। फायर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार ने बताया कि लोगों को अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के बारे में जागरूक करना है। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि नेशनल फायर सर्विस वीक 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों में जाकर लोगों और बच्चों को आग से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करेंगी। अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि भी दी गई। बताया कि वर्ष 1944 में मुंबई में बंदरगाह पर एक जहाज में भीषण आग लगने से करीब 70 अग्निशमन जवान शहीद हो गए थे और लगभग 3000 लोग घायल हुए थे। इसी घटना की स्मृति में हर वर्ष फायर सर्विस वीक मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि भूपेंद्र पाल डोगरा ने अग्निशमन कर्मचारियों के कल्याण के लिए 5100 रुपये की राशि अनुदान स्वरूप प्रदान की। इस मौके पर अमृतलाल, प्रीतम सिंह, फायर चौकी के विजय सिंह, विजय कुमार, विजय राणा, संजीव कुमार, सुनील कुमार और अन्य सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।